कानपुर देहात के शिवली थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को पीड़िता के पिता ने बेटी के स्कूल जाने के बाद घर वापस न लौटने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर मामला पंजीकृत किया गया।
जांच के दौरान 22 मई को पीड़िता को बरामद कर उसके बयान, मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नगवा, थाना बिधनू (कानपुर नगर) निवासी शुभम का नाम सामने आया। इसके बाद मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर शिवली पुलिस ने ग्राम बैरी तिराहे से आरोपी शुभम (20) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल आलोक कुमार तिवारी और कांस्टेबल बॉबी शामिल रहे।













