कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के डिलौलिया बांगर गांव में जमीन पैमाइश को लेकर नया विवाद सामने आया है। गांव के कई किसानों ने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि की पैमाइश के लिए कथित रूप से धनराशि की मांग की गई। किसानों का कहना है कि लंबे समय तक तहसील के चक्कर लगाने और सुनवाई न होने के कारण उन्होंने आपस में धन एकत्र कर पैमाइश की प्रक्रिया पूरी कराई। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पैमाइश का कार्य संतोषजनक ढंग से नहीं किया गया, जिससे उनके भूमि संबंधी विवाद यथावत बने हुए हैं।
किसानों ने दावा किया है कि इस प्रकरण से संबंधित कुछ वीडियो और अन्य साक्ष्य उनके पास उपलब्ध हैं। मामले के सार्वजनिक होने के बाद गांव में चर्चा का माहौल है तथा प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं, संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं, जिसके बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बताते चलें कि पूर्व तैनाती सिकंदरा तहसील के समय किसानों से रिश्वत वसूली के मामले में लेखपाल संजीव कुमार पर एंटी करप्शन टीम द्वारा कार्रवाई की गई थी जो कि उसे समय काफी चर्चा का केंद्र रहा था इसके बावजूद भी वसूली बाज के नाम से फेमस संजीव लेखपाल ने वर्तमान तैनाती क्षेत्र में वसूली का कार्य निरंतर करते हुए एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में नजर आ रहे हैं अब देखने वाली बात होगी कि इन लगाए गए आरोपों के तहत में लेखपाल के ऊपर जिला प्रशासन समेत तहसील भोगनीपुर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है













