पेंशनरों ने जताया आभार, बोले यह सरकार मांगने से पहले ही हमारी जरूरतों और सम्मान का ख्याल रखती है
जालौन में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पेंशनर्स भवन का लोकार्पण कर वरिष्ठ पेंशनरों को महत्वपूर्ण सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि समाज के उन अनुभवी और समर्पित लोगों के सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और शासन-प्रशासन की सेवा में समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी केवल पेंशनर नहीं, बल्कि अनुभव, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और समाज को सदैव दिशा देता रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन संवाद, सहयोग, आत्मीयता और सामाजिक सहभागिता का सशक्त केंद्र बनेगा, जहां वरिष्ठजन अपने अनुभव साझा करेंगे और समाजहित में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पेंशनरों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मानपूर्वक विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि समाज को अनुभव और मार्गदर्शन देने की नई शुरुआत है।
इस अवसर पर उपस्थित पेंशनरों ने भावुक होकर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “यह सरकार हमारी भावनाओं को समझती है। हमें अपनी आवश्यकता बताने से पहले ही सरकार हमारे सम्मान, सुविधा और भविष्य का ध्यान रखती है। पेंशनर्स भवन इसका जीवंत उदाहरण है, जो हमें सम्मान और अपनत्व का एहसास कराता है।”
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, विधान परिषद सदस्य रमा निरजंन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरजंन, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह व बड़ी संख्या में पेंशनर्स, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













