“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जनसहभागिता का दिया संदेश
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा शासन के निर्देशानुसार संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 के अंतर्गत कानपुर देहात में आज व्यापक जनसहभागिता के साथ विभिन्न स्थलों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग एवं जनपद के नोडल अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी ने मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में अमूल डेयरी, माती, विकासखंड मलासा के ग्राम अकोडी तथा विकासखंड राजपुर स्थित संविलयन विद्यालय रसधान में पौधरोपण कर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
अमूल डेयरी, माती परिसर में नोडल अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी ने पाकड़ का पौधा रोपित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी दीर्घकालिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधे तभी सार्थक होंगे जब उनका संरक्षण, सिंचन एवं नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों से अधिकाधिक पौधरोपण कर जनपद को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण के उपरांत नोडल अधिकारी ने अमूल डेयरी परिसर का निरीक्षण किया तथा दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण एवं विभिन्न दुग्ध उत्पादों के उत्पादन तथा विपणन संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डेयरी के संचालन, स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों की सराहना करते हुए किसानों एवं दुग्ध उत्पादकों को सशक्त बनाने में अमूल की भूमिका की प्रशंसा की।
इसके उपरांत विकासखंड मलासा के ग्राम अकोडी स्थित ओपन जिम, खेल मैदान एवं गौ आश्रय स्थल के समीप उपलब्ध भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, एनसीसी कैडेट्स, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
विकासखंड राजपुर के संविलयन विद्यालय रसधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया गया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण के पश्चात शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, विज्ञान एवं स्थानीय नवप्रयोगों से संबंधित लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया गया। नोडल अधिकारी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के संस्कार बचपन से विकसित किए जाने चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां प्रकृति के प्रति संवेदनशील बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने, भू-जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, स्वच्छ वायु, वर्षा संतुलन तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण एवं उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृत्व, प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति सम्मान और उत्तरदायित्व का जनआंदोलन है।
जनपद में संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। पौधरोपण के साथ-साथ प्रत्येक पौधे का जियो टैगिंग, संरक्षण एवं नियमित अनुश्रवण भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे अभियान के स्थायी एवं सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, उपायुक्त मनरेगा अशोक कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिरुद्ध सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













