जागरूकता रैली से दिया शत-प्रतिशत नामांकन का संदेश
कुठौंद जालौन। विकासखंड कुठौंद में ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ सोमवार को जागरूकता रैली के साथ किया गया। कार्यक्रम में कस्बा कुठौंद के परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनिरुद्ध कुमार द्विवेदी रहे। उनके साथ खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह , खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी, ग्राम प्रधान नरेंद्र महांत, एआरपी यशोवर्धन त्रिपाठी, शिक्षक कपिल सोनी, प्रदीप गुप्ता, मनु शाक्यवार, अमित कुलश्रेष्ठ सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने शिक्षा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यालयों के विकास एवं आवश्यक कार्यों में प्रशासन हरसंभव सहयोग देगा। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी ने अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षकों से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एआरपी यशोवर्धन त्रिपाठी ने किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं खंड विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी ने किया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नगर भ्रमण कर अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया तथा घर-घर जाकर नामांकन संबंधी पंपलेट वितरित किए। अभियान के माध्यम से सभी बच्चों को विद्यालय से जोड़ने और शत-प्रतिशत नामांकन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।











