“एक पेड़ माँ के नाम” का संदेश देकर जन-जन से पौधरोपण एवं संरक्षण का किया आह्वान
कानपुर देहात। वन विभाग द्वारा 01 जुलाई से 07 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे वन महोत्सव सप्ताह का शुभारम्भ बुधवार को माती स्थित ईको पार्क में उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से निकाली गई जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल, संतुलित जलवायु तथा जैव विविधता के संरक्षण के लिए वृक्षों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते तापमान तथा पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधरोपण करे और लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधा लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी माँ के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का दायित्व निभाए, तो प्रदेश एवं देश को हरित और समृद्ध बनाने का लक्ष्य सहजता से प्राप्त किया जा सकता है।
राज्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे समाज के सबसे प्रभावशाली परिवर्तनकारी दूत होते हैं। यदि विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुँचाएँगे, तो व्यापक जनजागरूकता का वातावरण तैयार होगा। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, पारिवारिक उत्सव एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधे अवश्य लगाएँ तथा उनकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वन महोत्सव सप्ताह जनसामान्य को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला ने वन महोत्सव सप्ताह की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 01 जुलाई से 07 जुलाई तक सभी वन रेंजों में पौधरोपण, जन-जागरूकता अभियान, विद्यालयों में पर्यावरण विषयक प्रतियोगिताएँ, रैलियाँ तथा विभिन्न जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण एवं जल संरक्षण हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे, तो पर्यावरण संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी दुष्यन्त कुमार मौर्य एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला सहित अन्य अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर बुद्धप्रिय गौतम, क्षेत्रीय वनाधिकारी अकबरपुर, सर्वेश कुमार भदौरिया, क्षेत्रीय वनाधिकारी, विवेक कुमार सैनी, जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति सहित प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय, क्षेत्रीय वनाधिकारी कार्यालय अकबरपुर एवं भोगनीपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











