एक बेड पर दो मरीजों का इलाज, सलेमपुर सीएचसी की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था उजागर

कानपुर देहात। राजपुर ब्लॉक स्थित सलेमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली सामने आई है। बरसात का मौसम शुरू होते ही उल्टी, दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल पर मरीजों का दबाव काफी बढ़ गया है। हालात ऐसे हैं कि एक ही बेड पर दो-दो मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है।
सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में 80 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। वहीं अस्पताल में उपलब्ध 10 बेड के मुकाबले 13 मरीज भर्ती होने के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को जगह की कमी के चलते एक बेड पर दो मरीजों को भर्ती कर उपचार देना पड़ा। इससे मरीजों को असुविधा होने के साथ संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
अस्पताल में केवल बेड की ही नहीं, बल्कि महिला डॉक्टर, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और वार्ड बॉय जैसे महत्वपूर्ण पद भी लंबे समय से रिक्त हैं। इसके चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। महिला मरीजों को उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ रहा है। वहीं फार्मासिस्ट की दूसरे केंद्र पर ड्यूटी होने से दवा वितरण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
इस संबंध में राजपुर ब्लॉक के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि अस्पताल में जल्द अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही रिक्त पदों को भरने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि स्वास्थ्य विभाग मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कब तक प्रभावी कदम उठाता है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें