कानपुर देहात के थाना मंगलपुर पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना मंगलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री को विशाल बाबू नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। इसके बाद पुलिस ने वांछित आरोपी विशाल बाबू (21 वर्ष), निवासी फिरोजापुर थाना मंगलपुर को 8 जून 2026 को बिरहाना ओवरब्रिज के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













