कानपुर देहात में बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की की शादी रुकवा दी। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से प्राप्त सूचना पर थाना मूसानगर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने मुक्ता देवी मंदिर पहुंचकर विवाह समारोह को तत्काल रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, भज्जापुर निवासी 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का विवाह परमूवन पुरवा निवासी 25 वर्षीय युवक के साथ कराया जा रहा था। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रीना गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक कानूनी और परामर्श प्रक्रिया के लिए संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया। मामले में चाइल्ड हेल्पलाइन की रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।













