कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय परिसर में प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। इस दौरान स्टोर, कंट्रोल रूम, आईजीआरएस, डीसीआरबी सेल, महिला सेल तथा कॉन्फ्रेंस रूम के निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।
भूमि पूजन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से पुलिस प्रशासन को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि नए कंट्रोल रूम के माध्यम से आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। वहीं आईजीआरएस एवं डीसीआरबी सेल के सुदृढ़ होने से शिकायतों के त्वरित निस्तारण और अपराध संबंधी अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि महिला सेल के विस्तार से महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता और बेहतर सुविधाओं के साथ निस्तारण किया जा सकेगा। साथ ही नए कॉन्फ्रेंस रूम के निर्माण से बैठकों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन अधिक सुव्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













