कानपुर देहात | अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) दुष्यंत कुमार मौर्य ने अवगत कराया है कि मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा प्रदेश के ज्यादातर जनपदों में हीट वेव/उष्ण लहर/लू चलने की संभावना व्यक्त की गई है। उक्त सूची में जनपद कानपुर देहात को आरेंज जोन (Orange Zone) में चिन्हित किया गया है। जनपद में दिनांक 24/5/2026 से 28/5/2026 अति उष्ण लहर/ तीव्र गर्मी एवं लू की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए आम जनमानस से सतर्कता एवं आवश्यक बचाव उपाय अपनाने की अपील की जाती है।
हीट वेव/लू से बचाव हेतु निम्नलिखित एडवाइजरी का पालन करें—
•अत्यधिक तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, विशेषकर दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे के बीच।
•बाहर निकलते समय सिर एवं शरीर को ढकें। टोपी, गमछा, दुपट्टा या छाते का प्रयोग अवश्य करें।
•पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ का सेवन करें। शरीर को हाइड्रेट रखने हेतु दिनभर पानी पीते रहें। ओआरएस, शिकंजी, आमपना, नींबू पानी आदि का सेवन लाभकारी है।
•सूती एवं हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, जो पसीना सोख सकें और शरीर को ठंडा रखें।
•संतुलित एवं हल्का आहार लें। ताजे फल, सलाद एवं तरल पदार्थों का सेवन करें। तली-भुनी एवं गरिष्ठ खाद्य सामग्री से परहेज करें।
•यथासंभव छायादार या ठंडी जगह पर रहें। पंखा, कूलर या ए०सी० युक्त स्थानों में समय बिताएं।
•खेतों में कार्य करने वाले कृषक दोपहर में कार्य करने से बचें। प्रातः या सायंकाल के समय ही कार्य करें। सिर एवं गर्दन को गमछा या टोपी से ढकें।
•अत्यधिक पसीना, कमजोरी, सिरदर्द, चक्कर, उल्टी या बेचैनी जैसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत छायादार स्थान पर विश्राम करें और चिकित्सक से संपर्क करें।
•लू लगने के लक्षणों को पहचानें और समय पर उपचार लें।
•पशुओं को छायादार स्थान पर बांधें तथा उन्हें पर्याप्त पानी पिलाएं। घरों की छतों पर पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करें।
•नगर निकायों द्वारा जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर हीट वेव/लू से बचाव हेतु शेल्टर होम्स स्थापित किए गए हैं, जहां पंखा, कूलर, पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। अत्यधिक गर्मी महसूस होने पर इन शेल्टर होम्स का उपयोग किया जा सकता है।













