अकबरपुर, कानपुर देहात अकबरपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुरोवा खुर्द में बना तालाब अपनी बदहाल स्थिति के चलते अब क्रिकेट मैदान में तब्दील होता नजर आ रहा है। तालाब में पानी भराव न होने के कारण यह पूरी तरह सूखा पड़ा है, जिससे इसका मूल उद्देश्य ही समाप्त हो गया है।
तालाब के सुंदरीकरण को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई है। मौके पर न तो बैठने के लिए कोई कुर्सी लगाई गई है और न ही आसपास हरियाली के लिए पेड़-पौधे लगाए गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि सुंदरीकरण का कार्य केवल कागजों तक सीमित रह गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में पानी न होने के कारण बच्चे और युवक वहां क्रिकेट खेलते नजर आते हैं, जिससे तालाब अब खेल का मैदान बन गया है। वहीं, तालाब के आसपास का क्षेत्र भी सूखा और बंजर होता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब में जल्द से जल्द पानी भराव की व्यवस्था कराई जाए और सुंदरीकरण के तहत पेड़-पौधे व बैठने की उचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि तालाब अपने वास्तविक स्वरूप में लौट सके और ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।














