उरई। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी आर०डी० वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड द्वारा संचालित “माटी कला टूल किट्स वितरण योजना” के अंतर्गत जनपद के पारंपरिक कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद में कुल 30 लाभार्थियों को इस योजना के तहत चाक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का लाभ विशेष रूप से प्रजापति समाज के उन कारीगरों को दिया जाएगा जो वर्तमान में मिट्टी के बर्तन बनाने का कार्य कर रहे हैं।
योजना के लिए पात्रता में लाभार्थी का जनपद का मूल निवासी होना, साक्षर होना तथा आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं माटी कला कार्य करते हुए फोटो संलग्न करना होगा।
इच्छुक आवेदक 15 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से upmatikalaboard.in वेबसाइट पर “योजनाएं” विकल्प में जाकर “माटी कला टूल किट्स वितरण योजना” के अंतर्गत आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन पत्र जमा करना अनिवार्य होगा।
प्राप्त आवेदनों का चयन जिला स्तरीय समिति द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, उरई (नया पटेल नगर, चुर्खी रोड, कलेक्ट्रेट गेट नंबर 02 के सामने) पर संपर्क किया जा सकता है। संपर्क नंबर: 9580503138।








