नव निर्माण के नौ वर्ष’ पर रोजगार का महाकुंभ, उरई में भव्य रोजगार मेला

 

युवाओं को मिला सुनहरा अवसर 1682 ने किया प्रतिभाग, 1127 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

 जालौन  प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दयानंद वैदिक कॉलेज, उरई में एक दिवसीय भव्य रोजगार मेला एवं करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी एवं माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन द्वारा किया गया, जबकि समापन कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रोजगार मेले में देश एवं प्रदेश की लगभग 25–30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनके माध्यम से कुल 1682 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। इनमें से 1127 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों हेतु शॉर्टलिस्ट किया गया तथा चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ युवाओं के सशक्त भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने अभ्यर्थियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार के नौ वर्षों में विकास की नई इबारत लिखी गई है, जिसमें युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना प्रमुख लक्ष्य रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी योग्यता के अनुसार अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाएं।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनपद प्रशासन युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं, जिससे रोजगार की संभावनाएं बढ़ती हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे आयोजनों का नियमित रूप से व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाए, ताकि जनपद के प्रत्येक योग्य युवा को इसका लाभ मिल सके।
जिला सेवायोजन अधिकारी आलोक मिश्रा, डीबीसी प्राचार्य राजेश चन्द्र पाण्डेय, महाविद्यालय प्रशासन, प्लेसमेंट सेल, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें