जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न

 

जनपदवासियों से अपील – नजदीकी केंद्र पर जाकर आधार अपडेट अवश्य कराएं

 

कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में “जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति” की बैठक का आयोजन माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट में सम्पन्न हुआ। बैठक में आधार नामांकन, अद्यतन कार्यों की प्रगति, आधार प्रमाणीकरण तथा डी.बी.टी. योजनाओं के आच्छादन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की अधिकांश योजनाओं में आधार कार्ड की अनिवार्यता के दृष्टिगत इसकी अद्यतनता एवं सुलभता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में आधार नामांकन एवं अपडेट की गति बढ़ाई जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि 0-5 वर्ष तक के बच्चों का आधार नामांकन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा इसमें किसी प्रकार की त्रुटि न हो। बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को अपने-अपने अधीनस्थ बच्चों का आधार नामांकन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी आधार सेवा केन्द्रों पर सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिन पर सेवाओं, अपडेट प्रक्रिया एवं शिकायत निवारण संबंधी स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित हो। डी.बी.टी. आधारित योजनाओं में आधार प्रमाणीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए वंचित लाभार्थियों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित समयावधि के उपरांत आधार अपडेट कराना आवश्यक होता है, अतः सभी नागरिक अपने नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर आधार अवश्य अपडेट कराएं। साथ ही सेवा प्रदाता संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सहज सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी द्वारा 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के आधार अपडेशन एवं वेरिफिकेशन तथा प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के आधार नामांकन को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में आधार से संबंधित नए मोबाइल ऐप की जानकारी भी दी गई, जिसके माध्यम से नागरिक वर्चुअल आधार आईडी बना सकते हैं तथा मोबाइल नंबर सहित अन्य विवरणों में संशोधन कर सकते हैं। यह ऐप सुरक्षा की दृष्टि से भी उपयोगी बताया गया। जिलाधिकारी ने जनसामान्य को जानकारी देते हुए बताया कि नजदीकी आधार केंद्र की जानकारी हेतु https://myaadhaar.uidai.gov.in/file-complaint⁠ तथा सेवा अनुरोध की स्थिति जानने हेतु https://myaadhaar.uidai.gov.in/grievance-feedback-status/en⁠ पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 1947 एवं ईमेल help@uidai.gov.in भी उपलब्ध है। बैठक में आगामी रणनीति के तहत आधार सेवाओं की गुणवत्ता एवं सुलभता बढ़ाने हेतु समेकित प्रयासों पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, यूआईडीएआई के नामित सदस्य सहायक प्रबंधक आशुतोष सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें