यमुना नदी अमराहट घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता का दिया संदेश

 

जिला परियोजना अधिकारी के नेतृत्व में निकाली गई गंगा स्वच्छता जागरूकता रैली

कानपुर देहात  जिला गंगा समिति, कानपुर देहात के तत्वावधान में जिलाधिकारी कपिल सिंह (अध्यक्ष, जिला गंगा समिति) एवं मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी विधान जायसवाल के निर्देशन तथा प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. पाण्डेय के मार्गदर्शन में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी के नेतृत्व में एम.एन.पी. हाई स्कूल, सिकंदरा से एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली मालवीय नगर, गांधी नगर, मोहम्मद नगर होते हुए सुभाष नगर पटेल चौक पर समाप्त हुई। रैली को जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति, डायरेक्टर मोहम्मद मारूफ तथा सुभारती इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक यश यादव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने “स्वच्छ गंगा, स्वस्थ जीवन”, “नदी बचाओ, भविष्य सजाओ” एवं “गंगा की स्वच्छता, हम सबकी जिम्मेदारी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इसके उपरांत छात्रों को शैक्षिक भ्रमण हेतु यमुना नदी पर स्थित अमराहट पम्प कैनाल ले जाया गया, जहां डायरेक्टर मोहम्मद मारूफ द्वारा पम्प कैनाल के प्रथम एवं द्वितीय चरण की जानकारी दी गई तथा नदियों के जल की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। छात्रों ने पम्प कैनाल की कार्यप्रणाली को समझते हुए व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंतर्गत नदी घाट पर छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें दीपिका सेंगर, मोहम्मद मारूफ एवं यश यादव निर्णायक की भूमिका में रहे। प्रतियोगिता में सौम्या ने प्रथम स्थान, अंश ने द्वितीय तथा अर्शिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंत में यमुना नदी के अमराहट घाट पर सभी प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस दौरान जिला परियोजना अधिकारी ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए छात्रों एवं आमजन को गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नदियाँ हमारे जीवन का आधार हैं और हमारी सभ्यताएँ भी नदियों के किनारे ही विकसित हुई हैं, इसलिए उनका संरक्षण करना हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। कार्यक्रम के समापन पर दीपिका सेंगर (सदस्य, जिला गंगा समिति) द्वारा सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर वन दरोगा आशीष कनौजिया, शिक्षक नरसिंह कुशवाहा, शिवांश चौहान, नेहा राठौर, शना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें