फार्मर रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लाने हेतु जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, दिए निर्देश

 

 

कानपुर देहात  फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में तेजी लाने तथा अवशेष किसानों की शीघ्र रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में सामुदायिक भवन ईको पार्क, माती में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लगे समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में अब तक लगभग 63 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों का पंजीकरण शीघ्र पूर्ण कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाकर निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए । जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूर्ण निर्वहन करते हुए कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराएं, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इस व्यवस्था का लाभ मिल सके। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित ऐप के संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि पंचायत सहायकों एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा प्रत्येक गांव में जाकर अवशेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मिलकर लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें, जिससे जनपद में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूर्ण कर किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी नरेगा अशोक कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ उमेश गुप्ता, एसीएमओ सुखलाल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, तहसीलदार, समस्त खंड विकास अधिकारी, नायब तहसीलदार, एडीओ पंचायत, एडीओ कृषि, पंचायत सहायक, कृषि विभाग के अन्य संबंधित कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें