कानपुर देहात। खोजाफूल, सिकंदरा क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना में घायल व्यक्तियों से मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी जिलाधिकारी विधान जायसवाल एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंकित शुक्ला ने मेडिकल कॉलेज/जिला चिकित्सालय अकबरपुर पहुंचकर मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने संबंधित चिकित्सकों से घायलों की स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जायजा लिया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं संबंधित चिकित्सकों को घायलों का समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने, आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
वहीं, दुर्घटना में दो व्यक्तियों की दुखद मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को नियमानुसार शासकीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी तथा चिकित्सक उपस्थित रहे।













