-एमडीए अभियान से एक दिन पहले आयुष्मान आरोग्य मंदिर रहनिया से निकली जागरूकता रैली
कानपुर देहात, 18 नवंबर 2026। अकबरपुर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर रहनिया से बुधवार को एक ऐसी जागरूकता रैली निकली, जिसे देखकर पूरा गांव ठहर गया। सार्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू होने से ठीक एक दिन पहले रोगी हितकारी मंच (पीएसपी) सदस्यों के सहयोग से निकली इस रैली में गांव के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने वो कर दिखाया, जो बड़े-बड़े भाषण नहीं कर पाते। बच्चों ने हाथों में बैनर लेकर पूरे गांव को एक ही संदेश दिया “फाइलेरिया से बचना है तो दवाई खाना है।”
एएनएम मनोज कुमार के नेतृत्व में निकली रैली में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन सभी ने मिलकर कम्पोजिट विद्यालय के बच्चों के साथ पूरे गांव में भ्रमण किया। बच्चों के हाथों में रंग-बिरंगी तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था -“दवा खाएंगे, फाइलेरिया भगाएंगे”_,”एक भी छूटे नहीं, सब दवा खाएं”। बच्चे पूरे जोश में नारे लगा रहे थे, जिसे सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रधानाचार्य पुष्पा देवी ने कहा कि बच्चे जब घर जाकर माता-पिता से कहते हैं कि दवा खानी है, तो कोई मना नहीं करता। इसलिए हमने बच्चों को ही जागरूकता का दूत बनाया है। कल से जब टीम घर आएगी, तो हमारे बच्चे ही सबसे पहले दवा खाएंगे। एएनएम मनोज कुमार ने जगह-जगह रुककर लोगों को समझाया कि फाइलेरिया मच्छर के काटने से फैलती है और इससे हाथीपांव और हाइड्रोसील जैसी लाइलाज बीमारी होती है। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक चलने वाले एमडीए अभियान में ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर घर-घर जाकर आईवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल की दवा भोजन के बाद खिलाएंगे। खाली पेट दवा नहीं खानी है। 2 वर्ष से कम के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और गंभीर बीमार लोग दवा नहीं खाएंगे।
रैली में शिक्षक दीपा ,प्रणव ,अंजू पाल , प्रज्ञा कुशवाहा,स्वास्थ्य सखी आशा देवी, प्रधानाचार्य पुष्पा देवी, आशा मोती और आंगनबाड़ी पुष्पा देवी सहित अन्य विद्यालय के बच्चे शामिल रहे।














