निर्वाचन में अभी समय, लेकिन तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अभी से शुरू की कवायद, जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशिष्ट मंडी का किया निरीक्षण

 

विधानसभा निर्वाचन-2027 की व्यवस्थाओं को लेकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतगणना एवं पार्किंग के लिए अभी से तैयार हो रही कार्ययोजना

 जालौन। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में अभी पर्याप्त समय शेष है, लेकिन जिला प्रशासन ने निर्वाचन की तैयारियों को लेकर अभी से कवायद शुरू कर दी है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर ने कालपी रोड स्थित विशिष्ट मंडी परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर संभावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतगणना स्थल, वाहनों की पार्किंग तथा निर्वाचन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं के लिए उपलब्ध स्थान का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक सभी तैयारियां समय रहते चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, उनकी सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक प्रबंध अभी से कार्ययोजना में शामिल किए जाएं। इसके साथ ही पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री के वितरण, उनके बैठने, आवागमन एवं रवानगी की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्वाचन के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंडी सचिव को विशेष रूप से निर्देशित किया कि मंडी परिसर की सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने, आवश्यक रंग-रोगन एवं साफ-सफाई सहित आधारभूत सुविधाओं को अभी से दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर को निर्वाचन संबंधी गतिविधियों के लिए सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जाए, जिससे पोलिंग पार्टियों की आवाजाही, वाहनों की पार्किंग और मतगणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करें, ताकि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दौरान प्रत्येक प्रक्रिया सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सके।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, एआरटीओ राजेश कुमार आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें