कानपुर देहात। मंगलपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को 14 नवंबर 2026 की सुबह मंगलपुर चौराहे से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक ऑटो रोककर चालक को नीचे उतार लिया था। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में वादी के सिर में चोट आई थी। मामले में पीड़ित की तहरीर पर मंगलपुर थाने में अखण्ड प्रताप सिंह, प्रद्युम्न प्रताप सिंह, इमाम, सूरज, सौरभ समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलपुर पुलिस ने वांछित आरोपी इमाम उर्फ अजहर पुत्र मजीद निवासी कस्बा मंगलपुर को 14 नवंबर को सुबह 9:25 बजे मंगलपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।














