ऐरवाकटरा (औरैया)। पितृपक्ष के पवित्र एवं पावन अवसर पर ऐरवाकटरा कस्बे की सब्जी मंडी परिसर में व्यापार मंडल अध्यक्ष रानू पालीवाल के संयोजन में अखंड श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड की चौपाइयों का गायन कर क्षेत्र की खुशहाली एवं पितरों की शांति की कामना की। सुंदरकांड पाठ के विधिवत समापन के उपरांत विशाल ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया, जिसमें पहुंचे ब्राह्मणों एवं संतों का आदर-सत्कार कर भोजन-प्रसाद ग्रहण कराया गया। इसके साथ ही पूरे बाजार क्षेत्र में श्रद्धालुओं और दुकानदारों के बीच बूंदी का महाप्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए व्यापार मंडल अध्यक्ष रानू पालीवाल ने कहा, “पितृपक्ष का समय हमारे पूर्वजों को नमन करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का समय है। इस दौरान पूर्वजों के स्मरण के साथ-साथ धार्मिक अनुष्ठान कराना तथा गरीबों व जरूरतमंदों की सेवा करना अत्यधिक पुण्यदायी कार्य है। इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।”
धार्मिक आयोजन के दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति, व्यापारी व समाजसेवी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से मणि पालीवाल,अरुण कुशवाह,मोहित कुशवाह, ब्रिगेडियर तिवारी, हिमांशु पालीवाल, बाबा कैलाश तिवारी, बादाम प्रधान, मनोज शर्मा प्रधान, अंश सक्सेना, उमेश शाक्य एवं आरव सक्सेना सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व श्रद्धालु मौजूद रहे।












