मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय अकबरपुर में स्थापित हुआ STEMI आईसीयू वार्ड
हृदयाघात के मरीजों को त्वरित पहचान, जांच एवं समयबद्ध उपचार की मिलेगी सुविधा
कानपुर देहात। बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल एवं प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज अमरीश कुमार गुप्ता की उपस्थिति में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध जिला चिकित्सालय, अकबरपुर, कानपुर देहात के नवीन भवन के तृतीय तल पर स्थापित STEMI आईसीयू वार्ड का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवस्थापित आईसीयू वार्ड का भ्रमण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से वार्ड की कार्यप्रणाली एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि हृदय रोगियों को समयबद्ध, बेहतर एवं त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सुविधा प्रारम्भ की गई है, जिससे गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा। उन्होंने जनपदवासियों से इस नवीन स्वास्थ्य सुविधा का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।
प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज ने बताया कि नवीन भवन के तृतीय तल पर स्थापित STEMI आईसीयू वार्ड में हृदयाघात (हार्ट अटैक) के मरीजों की त्वरित पहचान एवं उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। यहां मरीजों की ईसीजी (ECG) एवं अन्य आवश्यक जांचें, प्राथमिक उपचार तथा रीपरफ्यूजन थेरेपी (Primary PCI/Thrombolysis) के माध्यम से समयबद्ध चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे हृदयाघात के मामलों में उपचार के लिए लगने वाले समय में कमी आएगी तथा मरीजों के जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि STEMI आईसीयू वार्ड की स्थापना से जनपद के नागरिकों को उच्च स्तरीय हृदय रोग उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें अन्य चिकित्सा संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह सुविधा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मौके पर चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।












