कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 215 वाहनों के चालान किए।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं। पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।













