शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर करें गुणवत्तापूर्ण निस्तारणः जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने तहसील सिकन्दरा अन्तर्गत स्थित गौशालाओं का निरीक्षण करने हेतु अधिकारियों को दिये निर्देश
कानपुर देहात की समस्त तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने तहसील सिकन्दरा में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील सिकन्दरा में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर परीक्षण किया जाए और समाधान के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसका फीडबैक भी लिया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें, शिकायत पंजिका का संधारण करें, प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में प्रतिभाग करने वाले जिला स्तरीय अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत तहसील सिकंदरा क्षेत्र में संचालित गौशालाओं का चेकलिस्ट के अनुसार स्थलीय सत्यापन कर निरीक्षण आख्या निर्धारित प्रारूप पर फोटोग्राफ सहित सायंकाल तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जनपद की अन्य तहसीलों में भी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुना गया तथा उनके निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सिकन्दरा रिदम आनन्द, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 जयगोविन्द, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











