कानपुर देहात। गजनेर थाना पुलिस ने रेलवे सिग्नल केबिल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 1450 मीटर रेलवे सिग्नल केबिल, घटना में प्रयुक्त लोडर पिकअप और एक रिंच बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गेट नंबर 227 के पास रसूलपुर गोगूमऊ रेलवे स्टेशन से अज्ञात चोरों ने करीब 2000 मीटर रेलवे सिग्नल केबिल चोरी कर ली थी। गजनेर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने 18 सितंबर को रायपुर-गजनेर मार्ग से मोहित पुत्र विजय कश्यप, निवासी बरेली, हाल पता कानपुर नगर को पिकअप सहित गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पांच साथियों के साथ 15/16 सितंबर की रात गोगूमऊ क्रासिंग के पास से रेलवे केबल चोरी की थी। बाद में चोरी की केबल को कानपुर में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस के रोकने पर उसके साथी पिकअप छोड़कर भाग निकले, जबकि हाथ में चोट लगने के कारण मोहित पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पांच सह-अभियुक्तों के नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
बरामदगी: 1450 मीटर चोरी की रेलवे सिग्नल केबिल, पिकअप लोडर, एक नंबर प्लेट और एक रिंच।












