
भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिल्हापुर में रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के नवीनतम संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक विनोद कटियार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं सम्मानित कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व विधायक विनोद कटियार ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों एवं गांव के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है। जनसंवाद के माध्यम से ही ग्रामीणों की जरूरतों को समझकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम में भूमि विकास बैंक के कमलेश पाल, मुशर्रत खान, राजेश कठेरिया, दीपक ठाकुर, अर्पित दुबे, सुनीत कश्यप, रहीस चाचा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं सम्मानित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Jansan Desh 24












