कानपुर देहात। राजपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित 19 वर्षीय अभियुक्त संजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर जूनियर हाईस्कूल पिटाकपुर के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को बालिका के परिजन ने थाना राजपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि संजय कुमार और रवि, निवासी ग्राम सतराजू, थाना चुरखी, जनपद जालौन, उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गए। आरोप है कि मामले में उलाहना देने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। तहरीर के आधार पर राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए राजपुर पुलिस ने 11 सितंबर को वांछित अभियुक्त संजय कुमार पुत्र वीरेन्द्र कुमार, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी ग्राम सतराजू, थाना चुरखी, जनपद जालौन को गिरफ्तार कर लिया।















