कानपुर देहात के थाना गजनेर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 पेटियों में कुल 495 क्वार्टर अवैध देशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर गजनेर पुलिस ने ग्राम मनेथू स्थित आरोपी वीरेन्द्र प्रताप उर्फ शालू भदौरिया, उम्र 40 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके पास से ट्रेटा पैक ब्रांड इंडियन टाइगर देशी शराब के 495 क्वार्टर बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी शराब रखने का लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह कानपुर नगर स्थित देशी शराब के ठेके से शराब लाकर अपने घर की दुकान से बेचता था। मामले में थाना गजनेर में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।















