अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की समीक्षा, एसपी ने दिए कड़े निर्देश

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
एसपी ने गंभीर अपराधों, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं और प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण करने पर जोर दिया गया।
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाने, पॉक्सो मामलों में त्वरित कार्रवाई और एंटी रोमियो टीमों को स्कूल-कॉलेजों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने, यातायात नियमों का पालन कराने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
एसपी ने आईजीआरएस और जनसुनवाई की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने, ऑपरेशन कन्विक्शन के मामलों में प्रभावी पैरवी करने तथा लंबित चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली, जातिगत या सांप्रदायिक पोस्ट के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने और अफवाहों पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा। साथ ही पुलिस बल को पैदल एवं रात्रि गश्त बढ़ाकर जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के निर्देश दिए।
एसपी ने थाना प्रभारियों को प्रतिदिन जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सम्मानपूर्वक सुनने और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें