कानपुर देहात। न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के निर्देशन में दिनांक 12 सितम्बर 2026 को जनपद न्यायालय, कानपुर देहात में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नूपुर श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जनसामान्य को जागरूक करने एवं अधिकाधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से दिनांक 08 सितम्बर 2026 को अपराह्न 01:30 बजे जनपद न्यायालय परिसर स्थित मंदिर के पास से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, उसके लाभों तथा न्यायिक मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के संबंध में लोगों को जागरूक करेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी संबंधित अधिकारियों, न्यायिक अधिकारियों तथा जनसामान्य से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सहमति से निस्तारण कर समय एवं धन की बचत के साथ त्वरित न्याय प्राप्त किया जा सकता है।













