कानपुर देहात में बेसिक शिक्षा विभाग की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की अध्यक्षता में समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। विशेष रूप से विद्यालयों में डिजिटल अटेंडेंस व्यवस्था, निपुण भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, फाउंडेशनल लिटरेसी एवं न्यूमेरेसी (FLN) प्रशिक्षण, बाल वाटिका नामांकन, विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों तथा शिक्षण गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समीक्षा के दौरान सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकासखंड के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन एवं विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, नामांकन वृद्धि, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा सीखने के परिणामों में सुधार लाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। बीएसए ने निर्देश दिए कि विद्यालय स्तर पर संचालित सभी शैक्षिक गतिविधियों की सतत निगरानी की जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रभावी प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे।
बैठक का समापन विभागीय योजनाओं की प्रगति को गति देने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ किया गया।












