जनसंदेश 24 समाचार सेवा
पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत पुखरायां स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव लाखन सिंह यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। जिला अध्यक्ष अरुण कुमार बबलू राजा के नेतृत्व में पूरे जनपद में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री द्वारा बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव कार्यकर्ताओं में देखने को मिल रहा है।
लाखन सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में जुटा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की इसी मजबूती के बल पर वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को सत्ता सौंपेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों द्वारा किए गए प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने कथित पेपर लीक के विरोध में आवाज उठाई और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उनके अनुसार यह लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है और युवाओं ने एकजुट होकर अपनी बात सरकार तक पहुंचाई।
उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक और निजीकरण संबंधी नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण किया जा रहा है, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और प्रदेश में विकास, रोजगार तथा किसानों, युवाओं और आम लोगों के हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प रखती है।
अंत में लाखन सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर पर मजबूती से काम करने का आह्वान किया और कहा कि वर्ष 2027 में जनता के समर्थन से समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाकर प्रदेश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।













