मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महिला सशक्तिकरण की मुहिम को जालौन की शालिनी देवी दे रहीं मजबूती, वाटर आरओ प्लांट बना आत्मनिर्भरता का आधार
जालौन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के दम पर न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई मिसाल भी कायम कर रही हैं। जालौन विकासखंड के ग्राम पंचायत मलकपुरा की रहने वाली शालिनी देवी ऐसी ही प्रेरणादायी कहानी हैं। शालिनी देवी जय भीम महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, जिसका गठन 01 जुलाई 2021 को हुआ था। समूह से जुड़ने के बाद नियमित बचत, बैठकों और सामूहिक प्रयासों ने उनमें आत्मविश्वास पैदा किया। पहले परिवार की आर्थिक जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने वाली शालिनी देवी ने समूह के सहयोग से स्वयं का रोजगार शुरू कर अपनी आय बढ़ाने का संकल्प लिया। इसी संकल्प को साकार करते हुए फरवरी 2026 में समूह के माध्यम से 45,000 का ऋण लेकर उन्होंने वाटर आरओ प्लांट का संचालन शुरू किया। मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों से शुरू किया गया यह छोटा उद्यम आज उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन चुका है। शालिनी देवी को आरओ प्लांट के माध्यम से लगभग 15,000 प्रतिमाह की आय प्राप्त हो रही है। इस आमदनी से वह परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर रही हैं और जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। शालिनी देवी की सफलता यह संदेश देती है कि उचित मार्गदर्शन, समूह का सहयोग, ऋण सुविधा और स्वरोजगार का अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं। स्वयं सहायता समूह ने उन्हें आर्थिक संबल देने के साथ-साथ निर्णय लेने और आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी दिया है। आज शालिनी देवी स्वयं आगे बढ़ने के साथ गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। 45 हजार के ऋण से शुरू हुआ यह छोटा प्रयास अब करीब 15 हजार प्रतिमाह की आय का जरिया बन चुका है। शालिनी देवी की यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को धरातल पर साकार करती प्रेरणादायी मिसाल है।











