कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला वेटलैंड समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रोपे गए पौधों की जियो टैगिंग, संरक्षण, सिंचाई व्यवस्था एवं अन्य पर्यावरणीय गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि रोपे गए पौधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा उनकी अधिकतम जीवितता बनाए रखने के लिए समयबद्ध सिंचाई, सुरक्षा एवं आवश्यक देखभाल की प्रभावी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग जियो टैगिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करें, जिससे पौधों के संरक्षण एवं निगरानी की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रोपे गए पौधों की समुचित सुरक्षा हेतु आवश्यकतानुसार फेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधों की देखभाल एवं संरक्षण संबंधी समस्त कार्यों का अभिलेखीकरण किया जाए तथा प्रत्येक विभाग अपने द्वारा कराए गए कार्यों की पंजिका तैयार अद्यतन रखे। बैठक में जिलाधिकारी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यवाही की जाए। जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पांडु नदी जीर्णोद्धार से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्ययोजना के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित किए जाएं। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद के आर्द्रभूमि (वेटलैंड) क्षेत्रों से संबंधित कार्यों एवं उनकी वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए वेटलैंड संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 जयगोविन्द, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार अशोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









