बिल्हौर की राजनीति में बढ़ी हलचल
नये चेहरे को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज
बिल्हौर कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रामकिशोर साहू को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद रामकिशोर साहू लगातार कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। इसी क्रम में बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता दिनेश गौतम ने उनके आवास पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
इस मुलाकात के बाद बिल्हौर विधानसभा की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
बिल्हौर निवासी दिनेश गौतम लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं और हाल के दिनों में उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। वह गांव-गांव जनसंपर्क कर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचा रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि क्षेत्र में बढ़ती उनकी सक्रियता से विधानसभा का सियासी माहौल गर्म होने लगा है। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन को मजबूत करना और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बिल्हौर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती नजर आ रही हैं।











