कानपुर देहात। मक्का विकास योजना के अंतर्गत विकास खंड अकबरपुर में खरीफ गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा द्वारा किया गया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता कर खरीफ फसलों की उन्नत खेती संबंधी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञ डॉ. रोशन लाल आर्या ने किसानों को खरीफ मौसम की प्रमुख फसलों जैसे मक्का, ज्वार, बाजरा, धान, अरहर एवं तिल की वैज्ञानिक खेती के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने श्री अन्न (मिलेट्स) की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए किसानों से इनके उत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही फसल उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि के लिए विभिन्न तकनीकी सुझाव भी साझा किए। एडीओ कृषि प्रवीर सिंह ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि दोनों ही रसायन मुक्त खेती प्रणालियां हैं, जिनसे उत्पादन लागत में कमी आती है तथा भूमि की उर्वरा शक्ति में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती से उच्च गुणवत्ता वाली उपज प्राप्त होती है और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
उन्होंने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में ग्राम पंचायतों में केसीसी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां किसान कम ब्याज दर पर फसली ऋण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को कृषि को व्यवसायिक दृष्टिकोण से अपनाने तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर बल दिया।एडीओ कृषि रक्षा शैलेश ने किसानों को कृषि रक्षा रसायनों के सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न फसलों में लगने वाले रोगों एवं कीटों की पहचान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
गोष्ठी में बीज भंडार प्रभारी जयवीर सिंह, प्रवीण प्रताप सिंह, शिव मंगल, जगत सिंह, बच्चन लाल सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों किसानों ने भाग लेकर कृषि विशेषज्ञों से संवाद किया और खेती से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।









