शेरगढ़ घाट यमुना नदी में बने पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
कुठौंद जालौन। थाना कुठौंद पुलिस की सक्रियता से यमुना पुल से नदी में कूदे एक युवक की जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर शेरगढ़ घाट स्थित यमुना पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान थाना कुठौंद पुलिस को सूचना मिली कि औरैया की ओर स्थित यमुना पुल से एक युवक नदी में कूद गया है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शंकरपुर उपनिरीक्षक रामवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा चौकी प्रभारी देवकली (औरैया) से समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। टॉर्च की रोशनी में काफी देर तक खोजबीन के बाद युवक पुल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी में मिला
पुलिस ने युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उसका नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम दीपक पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी ग्राम शेखपुर अहीर, थाना कुठौंद, जनपद जालौन, उम्र 26 वर्ष बताया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद पहुंचाकर उपचार कराया। साथ ही परिजनों को फोन पर सूचना दी गई। उपचार के बाद युवक को थाना लाकर उसकी पत्नी आरती तथा चाचा रामकरन के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने शेरगढ़ घाट यमुना पुल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग दोहराई है। लोगों का कहना है कि पुल से लगातार इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं, इसलिए यहां ऊंची सुरक्षा रेलिंग, सेफ्टी नेट, सीसीटीवी कैमरे, चेतावनी बोर्ड तथा आपातकालीन हेल्पलाइन जैसी व्यवस्थाएं शीघ्र स्थापित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।








