उरई जालौन। मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जगम्मनपुर कस्बे में छापेमारी कर एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से 1 किलो 359 ग्राम गांजा बरामद किया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध एन डी पी एस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगम्मनपुर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा रामपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से निगरानी करने के बाद आरोपी के घर पर छापेमारी की गई।कार्यवाही के दौरान उपनिरीक्षक जगदीश द्विवेदी एवं उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव के साथ कांस्टेबल आकाश जैन, सचिन, रवि कुमार तथा महिला कांस्टेबल शिखा यादव मौजूद रहीं। पुलिस ने जगम्मनपुर निवासी सुनील कुमारअवस्थीपुत्रसत्यनारायण अवस्थी के घर की तलाशी ली गई। जहां से 1 किलो 359 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह पूर्व में भी गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के आरोप में जेल जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा इसी अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया।रामपुरा थाना पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
क्राईम रिपोर्टर -अनूप मिश्रा जनपद जालौन।












