दुकान और प्लॉट पर दबंगों द्वारा कब्जे के प्रयास का आरोप, सैनिक ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

 

उरई जालौन। भारतीय थल सेना में कार्यरत एक सैनिक ने अपनी खरीदी हुई दुकान एवं प्लॉट पर दबंगों द्वारा कब्जा करने के प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी जालौन को शिकायती पत्र सौंपकर कार्यवाही की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
शिकायतकर्ता सूर्यकांत मिश्रा पुत्र आदर्श कुमार मिश्रा, निवासी ग्राम जगम्मनपुर, थाना रामपुरा, वर्तमान में भारतीय थल सेना में सैनिक के पद पर कार्यरत हैं और उनकी तैनाती जैसलमेर (राजस्थान) में है। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने ग्राम जगम्मनपुर में संध्या पुत्री श्याम बाबू से एक दुकान एवं प्लॉट विधिवत खरीदा था। खरीद-फरोख्त के समय विक्रेता के पास संपत्ति से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध थे तथा खरीद के बाद उन्होंने संपत्ति पर अपना कब्जा भी प्राप्त कर लिया था। इसके बाद वह अपनी ड्यूटी पर वापस चले गए।सैनिक का आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर पड़ोस में स्थित दुकान एवं प्लॉट के स्वामी राजकुमार पुत्र बैजनाथ तथा सुनील कुमार पुत्र राजबहादुर उनकी भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर वह छुट्टी लेकर गांव पहुंचे तो दोनों लोगों ने कथित रूप से अतिक्रमण का प्रयास जारी रखा। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, उन्हें झूठे मुकदमों, जिनमें महिला संबंधी गंभीर धाराएं भी शामिल हैं, में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गांव का पप्पू नामक एक व्यक्ति आरोपितों से आर्थिक लाभान्वित होकर उन्हें प्रशासनिक कार्यवाहीसे बचाने का भरोसा व संरक्षण देकर विवाद को हवा दे रहा है।
पीड़ित सैनिक ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उसकी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा रोका जाए, उसे सुरक्षा प्रदान की जाए तथा आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता के द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र को अग्रसारित कर उप जिलाधिकारी माधौगढ़ को जांच कर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

क्राईम रिपोर्टर -अनूप मिश्रा जनपद जालौन

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें