कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 238 वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित वाहन चलाएं। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












