हज-2027 हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 24 जुलाई तक बढ़ाई गई

 

कानपुर देहात। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, कानपुर देहात प्रशान्त साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ के पत्र के क्रम में हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई, 2026 से बढ़ाकर 24 जुलाई, 2026 कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि हज-2027 के इच्छुक आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऐसे आवेदक जिन्होंने अपना पंजीकरण तो करा लिया है, लेकिन किसी कारणवश आवेदन प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर सके हैं, वे निर्धारित अवधि के भीतर अपना आवेदन पूर्ण कर लें। अन्यथा उनके आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि आवेदन पूर्ण करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता हेतु संबंधित पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है, जिससे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पूर्ण किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि हज-2027 के लिए प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों में से चयन डिजिटल कुर्रा (डिजिटल ड्रॉ) के माध्यम से 30 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी तथा चयनित आवेदकों को सूचना भी प्रेषित की जाएगी।
चयनित आवेदकों को प्रथम किस्त के रूप में ₹1,52,300/- की राशि दिनांक 10 अगस्त, 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में जमा करानी होगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन पूर्ण कर हज-2027 की प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें