पुखरायां (कानपुर देहात)। कानपुर देहात के कस्बा पुखरायां रेलवे स्टेशन से सैकड़ों छात्र-युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता दिल्ली के जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए। सभी प्रतिभागी सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक एवं अभिजीत के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले।
रवाना होने से पहले युवाओं ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य देश में बढ़ती बेरोज़गारी, युवाओं को समय पर रोजगार न मिलना, शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय, भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद करना है। उनका कहना था कि युवा वर्ग निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था तथा समयबद्ध रोजगार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने दिल्ली जा रहा है।
इस अवसर पर हिमांशु पाल, रोहित कुमार, समीर खान, यश द्विवेदी, आदिल शाह, गोलू बाबा (सभासद), कपिल, शिवा सहित क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-युवा मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों का समाधान होना चाहिए और सरकार को रोजगार, शिक्षा तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
पुखरायां रेलवे स्टेशन पर युवाओं का उत्साह देखने लायक था। बड़ी संख्या में लोग अपने साथियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: मोहम्मद फरीद शाह










