खरीफ फसलों के बीज पर 50% सब्सिडी, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने किसानों को सूचित किया कि जनपद के समस्त 09 विकास खंड स्तर पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पर खरीफ में बुवाई हेतु समस्त फसलों के बीज उपलब्ध करा दिए गए हैं। बीज का वितरण उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित “पहले आओ पहले पाओ” नीति के आधार पर किया जाएगा। जनपद के किसान ढैचा का बीज, धान का बीज, ऊर्द का बीज, मूंग का बीज, अरहर का बीज, निर्धारित दर पर प्राप्त कर सकते हैं। प्रमाणित बीज प्रति किलोग्राम मोटा धान का विक्रय मूल्य ₹48.64, महीन धान का विक्रय मूल्य ₹48.93, बासमती धान का विक्रय मूल्य ₹63.46, उर्द का विक्रय मूल्य ₹132.16, मूंग का विक्रय मूल्य ₹145.02, ढैचा का विक्रय मूल्य ₹155.00 तथा अरहर का विक्रय मूल्य ₹134.21 निर्धारित किया गया है। सभी फसलों के बीजों पर बिक्री मूल्य का 50% अनुदान “सब्सिडी एट सोर्स” उपलब्ध कराया जाएगा। पंजीकृत कृषकों को पी० ओ० एस० मशीन से आधार अथेन्टीकेशन के पश्चात् राजकीय कृषि बीज भण्डारों से वितरित बीज पर “सब्सिडी एट सोर्स” उपलब्ध कराया जाएगा तथा सम्बन्धित लाभार्थी कृषक से योजना में अनुमन्य अनुदान की कटौती के पश्चात् अवशेष धनराशि कृषक अंश के रूप में प्राप्त की जाएगी। निःशुल्क बीज मिनी किट जनपद के किसानों को पूर्णतः निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। बीज खरीदने के लिए किसान का उत्तर प्रदेश दर्शन-2 पोर्टल (https://agridarshan.up.gov.in एवं https://agriculture.up.gov.in) पर पंजीकरण होना आवश्यक है। दर्शन-2 पोर्टल पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए किसान को आधार कार्ड, जमीन की खतौनी तथा बचत बैंक खाता का विवरण देना होता है। एक किसान को अधिकतम 02 हेक्टेयर तक खेती के लिए बीज उपलब्ध कराया जाता है। यदि किसी किसान को किसी भी फसल का अथवा किसी भी सीजन में लिए गए बीज के अनुदान से संबंधित पूछताछ एवं जानकारी करनी है तो सर्वप्रथम किसान अपने राजकीय कृषि बीज भंडार पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है। इसके अतिरिक्त किसान जनपद स्तर पर उप कृषि निदेशक के मोबाइल नंबर 07839882810 पर अवगत करा सकते हैं। बीजों पर अनुदान के विषय में जानकारी के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय के निम्नलिखित मोबाइल नंबर 07000367358, 08858222253, 09936481190, 07839882812 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें