राजकीय मेडिकल कॉलेज का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे संवाद कर परखी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता

 

पूछताछ केंद्र को अधिक उपयोगी बनाने और आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में पारदर्शिता बढ़ाने के दिए निर्देश

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी व वार्डों का भ्रमण किया और भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में संचालित पूछताछ केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि पूछताछ केंद्र पर तैनात कर्मचारियों के नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित नहीं किए गए हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूछताछ केंद्र पर कर्मचारियों का नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके तथा संबंधित चिकित्सक या विभाग तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिलाधिकारी ने आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी (इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर) कक्ष का भी निरीक्षण किया और वहां पारदर्शिता एवं बेहतर निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कक्ष में पारदर्शी ग्लास लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर, त्वरित एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. प्रशांत निरंजन, वित्त नियंत्रक आशुतोष चतुर्वेदी सहित अन्य चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें