उरई जालौन – 03 जुलाई, 2026 को ‘‘मिशन सेफ फ्यूचर’’ के तहत उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), झाँसी की अध्यक्षता में उप सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय जनपद-जालौन में स्कूली वाहनों के संचालन, सुरक्षा मानकों और उनके वैध प्रपत्रों (दस्तावेजों) की समीक्षा के साथ-साथ स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन के विभिन्न पहलुओं पर जागरुकता के सम्बन्ध में एक महत्वपूर्ण बैैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित समस्त प्रबन्धक, प्रधानाचार्य, वाहन इंचार्ज व वाहन स्वामियों को अवगत कराया गया कि स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा और परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनाँक 01 जुलाई, 2026 से 15 जुलाई, 2026 तक परिवहन विभाग द्वारा स्कूली वाहनों के विरुद्ध ‘‘मिशन सेफ फ्यूचर’’ अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान विभिन्न क्षेत्रों के मार्गों पर स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों को परखने के लिए चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान स्कूल बस बाॅडी के विभिन्न पहलुओं, आपातकालीन निकास द्वार, सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, फस्र्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्रों की क्रियाशीलता जांची जाएगी।
साथ ही बैठक में उपस्थित समस्त प्रबन्धक, प्रधानाचार्य, वाहन इंचार्ज व वाहन स्वामियों को स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों व स्कूली वाहनों के नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय और परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्धारित मानकों (जैसे-जीपीएस, सीसीटीवी, फिटनेस सर्टिफिकेट और प्रशिक्षित चालक) का शत-प्रतिशत पालन करने हेतु सख्त निर्देश दिये गये व यह भी अवगत कराया गया कि लापरवाही बरतने वाले वाहनों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।उक्त के बैठक में संजय सिंह, उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) झाँसी, राजेश कुमार, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झाँसी, राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन, सौम्या पाण्डेय सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) जालौन, आनन्द राय कुरील, यात्री/मालकर अधिकारी, जालौन व जनपद में संचालित विद्यालयों के प्रबन्धक, प्रधानाचार्य, वाहन इंचार्ज, वाहन स्वामी आदि काफी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
परिवहन विभाग जनपद-जालौन सभी अभिभावकों से अपील करता है कि अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय वाहन की सुरक्षा स्थिति और वैध दस्तावेजों की पुष्टि अवश्य कर लें।













