आम बहार आपके द्वार रैली से गूंजा उरई, वन महोत्सव के दूसरे दिन पर्यावरण संरक्षण का दिया गया जनसंदेश

 

जिला पंचायत अध्यक्ष, सदर विधायक एवं जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, 350 से अधिक लोगों ने लिया जनजागरूकता रैली में भाग

जालौन। वन महोत्सव के द्वितीय दिवस पर जनपद में पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन विभाग एवं हेल्पिग हैण्ड्स सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में “आम बहार आपके द्वार” थीम पर भव्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय से प्रारंभ होकर टाउन हॉल उरई तक निकाली गई इस रैली में पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा पौधों की सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। रैली में लगभग 350 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिनमें करीब 150 महिलाएं एवं 200 पुरुष शामिल रहे। “पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ” का आह्वान किया गया पर्यावरण संरक्षण केवल शासन का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी ने रैली का संचालन करते हुए वर्षाकाल 2026 में प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने तथा उसके लिए पहले से उपयुक्त स्थान चिन्हित कर वर्षा होने पर पौधरोपण करने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। रैली में हेल्पिग हैण्ड्स सेवा संस्थान के अध्यक्ष सत्येन्द्र श्रीवास्तव, धनाराम महाविद्यालय के प्रबंधक बच्चू महाराज सहित अनेक सामाजिक एवं प्रतिष्ठित नागरिकों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्रीय वन अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान वृक्षारोपण, हरित पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें