‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई

 

दो स्कूली वाहन सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते मिले, कोतवाली जालौन में किए गए निरुद्ध

जिलाधिकारी के निर्देशन में चला अभियान, बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर होगी कड़ी कार्यवाही —एआरटीओ

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में संचालित “मिशन सेफ फ्यूचर” अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर संचालित स्कूल बसों एवं वैनों की फिटनेस, परमिट, सुरक्षा उपकरणों तथा आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई। सघन जांच के दौरान दो स्कूली वाहन परिवहन नियमों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते पाए गए। दोनों वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें कोतवाली जालौन में निरुद्ध कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।अभियान के दौरान वाहनों के वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, पैनिक बटन, फर्स्ट एड बॉक्स तथा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता की भी जांच की गई। साथ ही क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन स्वामियों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय तथा परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान, सीज एवं अन्य विधिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने सभी अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों को विद्यालय भेजने से पहले यह सुनिश्चित करें कि जिस वाहन से उनका बच्चा यात्रा कर रहा है, वह सभी सुरक्षा मानकों एवं वैध दस्तावेजों के साथ संचालित हो रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि “मिशन सेफ फ्यूचर” के तहत जनपद में यह विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक छात्र-छात्रा सुरक्षित वातावरण में विद्यालय पहुंच सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें