आगामी वर्षाकाल में 50.38 लाख पौधों का होगा वृक्षारोपण, तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी वर्षाकाल 2026 के वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण तथा गंगा एवं सहायक नदियों की स्वच्छता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जनपद कानपुर देहात में वन विभाग सहित 26 अन्य विभागों के सहयोग से आगामी वर्षाकाल में 50.38 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण की विस्तृत कार्ययोजना समय से उपलब्ध कराई जाए तथा गत वर्षों में लगाए गए पौधों की सिंचाई, सुरक्षा एवं संरक्षण के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने वन विभाग को नर्सरियों से पौधों के ढुलान एवं वितरण की प्रभावी व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी विभागों से अपेक्षा की कि स्थानीय मृदा एवं जलवायु के अनुरूप पौध प्रजातियों का चयन कर रोपण कराया जाए, जिससे पौधों की जीवित रहने की दर अधिक रहे और अभियान सफल बनाया जा सके।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि 5 जून 2026 को ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान, पंचायतीराज एवं नगर विकास विभाग द्वारा किए गए पौधरोपण कार्यों की जियो टैगिंग अभी पूर्ण नहीं हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष एक सप्ताह के भीतर सभी रोपित पौधों की जियो टैगिंग अनिवार्य रूप से पूर्ण कराई जाए।
जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पंचायत रूरा एवं सिकंदरा में ठोस अपशिष्ट के पृथक्करण एवं वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने, प्लास्टिक जब्तीकरण एवं उसके प्रभावी निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी हेल्थ केयर फैसिलिटी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप सुविधाओं की जांच की जाए तथा निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गंगा एवं उसकी सहायक नदियों में किसी भी प्रकार का औद्योगिक अपशिष्ट बिना उपचार के प्रवाहित न होने दिया जाए तथा इस संबंध में सतत निगरानी रखी जाए।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों एवं गंगा संरक्षण से संबंधित अन्य विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें