कानपुर देहात। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं राज्य सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों के अवलोकन हेतु आज “प्रगति पथ यात्रा” का आयोजन किया गया। “सेवा, सम्मान, संस्कार एवं सुशासन” के वर्षों की विकास गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान थाना रसूलाबाद परिसर में 48 क्षमता वाले हॉस्टल एवं बैरक निर्माण कार्य तथा थाना मंगलपुर परिसर में 32 क्षमता वाले हॉस्टल एवं बैरक निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि करना है। प्रगति पथ यात्रा में क्षेत्रीय विधायक पूनम शंखवार ने सहभागिता करते हुए सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी उपस्थित जनसमुदाय को दी। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को थाना परिसर के भीतर ही आवासीय सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें ड्यूटी के निर्वहन में सुविधा मिलेगी, आवागमन में लगने वाले समय की बचत होगी तथा वे अधिक तत्परता और दक्षता के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे। इसका सीधा लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा और कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी। कार्यक्रम में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता मार्शल कुमार, सहायक अभियंता विश्वजीत त्रिवेदी, रविन्द्र डी.के. पाल सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि भविष्य में विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का समय-समय पर जनप्रतिनिधियों द्वारा अवलोकन एवं निरीक्षण किया जाता रहेगा, ताकि विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनहित सुनिश्चित की जा सके।कार्यक्रम का समापन जनकल्याण एवं सुशासन के संकल्प के साथ किया गया।














